State

फंदा में ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा, केंद्रीय अधिकारियों ने नवाचारों की सराहना

भोपाल। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के अपर सचिव राम चंदर रेड्डी और अंडर सेक्रेटरी विनोद सावंत ने भोपाल जिले के फंदा जनपद की ग्राम पंचायत भानपुर-केकड़िया और बेरखेड़ी बाज्याफत का दौरा कर ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विकास कार्यों की समीक्षा की।

दौरे के दौरान केंद्रीय दल ने मनरेगा तथा ‘वीबी-जी राम जी अधिनियम, 2025’ के तहत संचालित कार्यों और तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों और हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। अधिकारियों को बताया गया कि अधिनियम के तहत पात्र हितग्राहियों को 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी और 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पर केंद्रीय अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भानपुर-केकड़िया में ड्रैगन फ्रूट की खेती (माँ की बगिया) और खेत तालाब का अवलोकन किया। वहीं, बेरखेड़ी बाज्याफत में सीएसईबी (Compressed Stabilized Earth Block) तकनीक से निर्मित आवासों और पोषण वाटिका का निरीक्षण कर स्थानीय स्तर पर किए गए नवाचारों एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने इन प्रयासों को अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायी बताया।

इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ईला तिवारी, जनपद पंचायत फंदा की सीईओ शिवानी मिश्रा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles