
भोपाल, 13 जुलाई। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 28 जुलाई से 8 अगस्त तक अग्निवीर सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। रैली में मध्य प्रदेश के 15 जिलों के अभ्यर्थी भाग लेंगे। तैयारियों को लेकर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नगर निगम, बिजली कंपनी, स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) और पुलिस सहित सभी विभागों को माइक्रो प्लान तैयार कर पेयजल, बिजली, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणियों के लिए भर्ती प्रक्रिया होगी। इसमें भोपाल, अशोकनगर, बैतूल, छिंदवाड़ा, दमोह, गुना, हरदा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, पन्ना, पांढुर्णा, रायसेन, राजगढ़, सीहोर और विदिशा जिलों के पुरुष अभ्यर्थी शामिल होंगे। भर्ती प्रक्रिया तीन चरणों में होगी और अभ्यर्थी लगभग 12 दिनों तक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ही ठहरेंगे।
सेना भर्ती कार्यालय के भर्ती निदेशक कर्नल जयशंकर सिंह ने बताया कि अग्निवीर भर्ती के लिए 1 से 12 जून तक ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) आयोजित किया गया था। परीक्षा का परिणाम 12 जुलाई को जारी कर Join Indian Army की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। सीईई में सफल अभ्यर्थी 28 जुलाई से शुरू होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में भाग ले सकेंगे।





