भोपाल में अतिक्रमण के खिलाफ निगम की कार्रवाई जारी, चार पहिया वाहन सहित ठेले-पटले जब्त
भोपाल। राजधानी भोपाल में नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शहर के कई क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे हटाए और सड़क व सार्वजनिक स्थानों पर बाधक बने सामान को जब्त किया।
नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने भवन अनुज्ञा शाखा के सहयोग से नीलबड़ क्षेत्र में विद्या विहार स्कूल के सामने स्थित आठ दुकानों के सामने नाले पर अवैध रूप से बनाए गए पक्के पिलर और छज्जों को पोकलेन मशीन की मदद से हटाया।
मेट्रो और स्मार्ट सिटी परियोजना में बाधक निर्माण हटाए
जिला प्रशासन की कार्रवाई में सहयोग करते हुए गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया और इंद्रपुरी क्षेत्र में मेट्रो परियोजना में बाधक बने सात झुग्गियों, दो टपरों और पांच ठेलों को हटाया गया।
इसके अलावा भोपाल स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड की कार्रवाई में सहयोग करते हुए जवाहर चौक स्थित सरस्वती नगर में पांच मकानों को खाली कराकर जेसीबी की मदद से हटाने की कार्रवाई की गई।
कई क्षेत्रों में हटाए गए अवैध ठेले और दुकानें
निगम के दलों ने कोलार, सलैया बीडीए कॉलोनी, सर्वधर्म कॉलोनी, सिग्नेचर-99, डीमार्ट क्षेत्र, भदभदा, नेहरू नगर चौराहा, सूरज नगर चौराहा, भारत माता चौराहा, सैर सपाटा, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, लिंक रोड नंबर-1, 2 और 3, रोशनपुरा चौराहा, कमला पार्क, शीतलदास की बगिया, रेत घाट, रविंद्र भवन, बिरला मंदिर, वल्लभ भवन, पुरानी जेल, एमपी नगर जोन-1, 1100 क्वार्टर, नूतन कॉलेज क्षेत्र, बरेला गांव, निजामुद्दीन बी सेक्टर, इंद्रपुरी, अशोका गार्डन, जहांगीराबाद, भारत टॉकीज, शाहजहांनाबाद, हमीदिया रोड, रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर-6, सिंधी कॉलोनी, छोला, करोंद, विश्वकर्मा नगर सहित कई इलाकों में कार्रवाई की।
इस दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण कर लगाए गए ठेले, गुमठी, काउंटर, पान पार्लर, सब्जी और चश्मे की दुकानों सहित अन्य अस्थायी कब्जे हटाए गए।
सड़क बाधक वाहनों और अवैध निर्माण पर कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान छोला और सलैया बीडीए कॉलोनी क्षेत्र से एक-एक अवैध शेड हटाए गए। नूतन कॉलेज क्षेत्र से अवैध रूप से बनी एक झुग्गी हटाई गई। बरेला गांव में सड़क पर रखी गिट्टी हटाई गई।
करोंद चौराहा क्षेत्र में आवागमन में बाधक बने 20 चार पहिया वाहनों और चार पान पार्लरों पर कार्रवाई की गई। निजामुद्दीन बी सेक्टर में अवैध रूप से बनाए गए पक्के स्लैब को भी हटाया गया।
नगर निगम ने कार्रवाई के दौरान एक चार पहिया वाहन, दो ठेले, तीन पटले और एक बड़ी ट्रे जब्त की।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने, सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने और अवैध निर्माणों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।