मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज जगदीशपुर में होगी कैबिनेट बैठक, तैयारियों का संभाग आयुक्त और आईजी ने लिया जायजा

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में रविवार, 19 जुलाई को जगदीशपुर में आयोजित होने वाली प्रदेश मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बैठक से एक दिन पहले शनिवार को भोपाल संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा और आईजी (देहात रेंज) रुचि वर्धन ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैठक स्थल पर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, सौंदर्यीकरण तथा ई-कैबिनेट संचालन के लिए किए गए तकनीकी प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर और त्रुटिरहित सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा कि कैबिनेट बैठक के महत्व को देखते हुए सभी तैयारियां पूरी तरह चाक-चौबंद रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, समन्वय और तत्परता के साथ निर्वहन करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, डीआईजी राजेश सिंह चंदेल, एसपी (देहात) पंकज पांडे सहित जिला एवं संभाग स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





