5 अगस्त से भोपाल में ब्रिक्स सम्मेलन, चार दिन तक जुटेंगे विदेशी प्रतिनिधि; शहर को मिलेगा नया स्वरूप

सड़क, स्वच्छता, ट्रैफिक और सौंदर्यीकरण पर प्रशासन का फोकस, कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा की

भोपाल, 17 जुलाई। राजधानी भोपाल 5 से 8 अगस्त तक होने वाले तृतीय ब्रिक्स कल्चर वर्किंग ग्रुप (CWG) और ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। चार दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन के दौरान ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों का राजधानी में जमावड़ा रहेगा।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने गुरुवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सड़क सुधार, स्वच्छता, ट्रैफिक प्रबंधन, एयरपोर्ट से होटल और आयोजन स्थलों तक आवागमन, आवास तथा अतिथि सत्कार की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भोपाल और मध्यप्रदेश की वैश्विक छवि से जुड़ा है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

प्रशासन केवल आयोजन स्थलों तक सीमित न रहकर पूरे शहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप तैयार करने पर काम कर रहा है। प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण, बेहतर साफ-सफाई और विदेशी प्रतिनिधियों के लिए निर्बाध यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

चार दिन तक होंगे अहम कार्यक्रम

5 से 8 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में तृतीय ब्रिक्स कल्चर वर्किंग ग्रुप की बैठक, ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव और ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक आयोजित होगी। प्रतिनिधि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और रचनात्मक अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक धरोहरों की वापसी, जलवायु परिवर्तन और संस्कृति, कलाकारों के कॉपीराइट संरक्षण तथा पारंपरिक ज्ञान की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे।

पर्यटन और संस्कृति को मिलेगा वैश्विक मंच

प्रशासन का मानना है कि इस आयोजन से भोपाल और मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विरासत स्थलों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति और परंपराओं को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने की भी तैयारी की जा रही है।

Exit mobile version