भोपाल, 22 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को भोपाल में कांग्रेस के विरोध में प्रदर्शन और मार्च निकाला। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में रेडक्रॉस अस्पताल से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की ओर निकाले गए मार्च में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस कार्यालय के निकट पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।
भाजपा की ओर से जारी बयान के अनुसार यह प्रदर्शन कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के निकट किए गए धरना-प्रदर्शन के विरोध में आयोजित किया गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय “प्रायोजित अराजकता की राजनीति” कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अविश्वास फैलाने तथा विदेशों में भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और प्रतियोगी परीक्षाओं को अधिक सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष संवाद के बजाय टकराव की राजनीति कर रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस से यह भी सवाल किया कि राहुल गांधी विदेशी मंचों पर भारत, लोकतांत्रिक संस्थाओं और न्याय व्यवस्था पर सवाल क्यों उठाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस समाज में विभाजनकारी राजनीति कर रही है और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगाने का प्रयास कर रही है।
बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की।
