जनजातीय गौरव दिवस पर बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया याद

जनजातीय वीर-वीरांगनाओं की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और संस्कृति-साहित्य से युवाओं को जोड़ने पर दिया जोर
भोपाल। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस के तहत वनवासी कल्याण परिषद कार्यालय स्थित एकलव्य संकुल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, वीर-वीरांगनाओं के संघर्ष और बलिदान को याद किया गया। वक्ताओं ने जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और साहित्य के संरक्षण के साथ युवाओं को अपनी विरासत से जोड़ने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में भोज विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. मिलिंद दांडेकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अध्यक्षता वनवासी कल्याण परिषद के प्रांत अध्यक्ष सोभाग सिंह मुजाल्दे ने की। सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विक्रांत सिंह कुमरे मुख्य वक्ता रहे।
प्रो. दांडेकर ने कहा कि युवाओं को जनजातीय साहित्य, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने जनजातीय संस्कृति, परंपरा और जीवनशैली विषय में स्नातकोत्तर डिग्री के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा और साहित्य के माध्यम से जनजातीय विरासत को समझने और संरक्षित करने पर जोर दिया।
सोभाग सिंह मुजाल्दे ने कहा कि जनजातीय समाज की विशिष्ट पहचान, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जीवन मूल्यों को सहेजकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। वहीं, विक्रांत सिंह कुमरे ने जनजातीय वीरों और वीरांगनाओं के संघर्ष, त्याग और बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी गौरवगाथाओं को समाज के सामने लाना चाहिए, ताकि युवा देश के इतिहास में उनके योगदान को जान सकें।
डॉ. कामिनी मेहरा ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, साहस और समाज के प्रति समर्पण पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा करने की अपील की। कार्यक्रम की प्रस्तावना भी डॉ. मेहरा ने रखी। संचालन श्रीमती अभिलाषा परेलकर ने किया। आयोजन वनवासी कल्याण परिषद के भोपाल जिला अध्यक्ष कमल प्रेमचंदानी और उनकी टीम ने किया।





