भोपाल, 30 मई। मध्यप्रदेश पुलिस ने वाहन चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले एक माह के दौरान की गई कार्रवाई में पुलिस ने 100 चोरी की दोपहिया वाहन, 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 1 टेम्पो बरामद करते हुए कई वाहन चोर गिरोहों का खुलासा किया है। इस दौरान दर्जनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार प्रदेशभर में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अलग-अलग जिलों की पुलिस टीमों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में चोरी के वाहन बरामद किए हैं।
इंदौर में 17 बाइक के साथ तीन शातिर वाहन चोर गिरफ्तार
इंदौर के बाणगंगा थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से इंदौर, भोपाल और आसपास के क्षेत्रों से चोरी की गई 17 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के वाहनों को सुनसान इलाकों, खंडहरों और खाली भवनों में छिपाकर रखते थे। मांग आने पर उन्हें बेच दिया जाता था। आरोपी वाहन पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट बदलने के साथ इंजन और चेसिस नंबर तक मिटा देते थे।
इटारसी, विदिशा और मंडला में भी बड़ी कार्रवाई
जीआरपी इटारसी ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर 16 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनकी कीमत लगभग 13.40 लाख रुपये आंकी गई है।
विदिशा कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी और दो विधि-विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लेकर 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। जब्त वाहनों का मूल्य करीब 14 लाख रुपये बताया गया है।
मंडला कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रॉयल एनफील्ड, यामाहा आर-15 और पल्सर जैसी सात मोटरसाइकिलें जब्त कीं। इस कार्रवाई में लगभग 9 लाख रुपये की संपत्ति बरामद हुई।
सतना, राजगढ़ और आगर मालवा में गिरोहों का खुलासा
सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। वहीं सिटी कोतवाली पुलिस ने अलग कार्रवाई में दो अन्य आरोपियों से तीन बाइक जब्त कीं।
राजगढ़ कोतवाली पुलिस ने दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर चार मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जबकि सारंगपुर पुलिस ने दो आरोपियों से दो चोरी की बाइक जब्त कीं।
आगर मालवा पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत 3.40 लाख रुपये बताई गई है।
कई जिलों में बरामद हुए चोरी के वाहन
प्रदेश के अन्य जिलों में भी वाहन चोरी के खिलाफ अभियान जारी रहा। आलीराजपुर और मंदसौर में चार-चार, शहडोल और मुरैना में तीन-तीन, सीहोर, बड़वानी, शिवपुरी, नर्मदापुरम और दतिया में दो-दो तथा शाजापुर, झाबुआ, धार, उज्जैन, ग्वालियर, सागर और नरसिंहपुर में एक-एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
ट्रैक्टर-ट्रॉली और टेम्पो भी जब्त
दोपहिया वाहनों के अलावा ग्वालियर के जनकगंज थाना पुलिस ने चोरी का एक टेम्पो बरामद किया। सीहोर कोतवाली पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और सिवनी जिले के लखनादौन थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय ट्रैक्टर चोर गिरोह से ट्रैक्टर सहित ट्रॉली जब्त की।
मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी सफलता: एक माह में 100 चोरी की मोटरसाइकिलें सहित 103 वाहन बरामद, कई वाहन चोर गिरोहों का पर्दाफाश
