खून की सुरक्षा पर बड़ा सवाल, 166 ब्लड सेंटरों की जांच में खुलीं गड़बड़ियां

रीवा में रोक के बावजूद रक्त संग्रह-वितरण मिला, लाइसेंस रद्द;
भोपाल के चार केंद्रों पर कार्रवाई
सतना में मरीज को एक्सपायर्ड रक्त घटक जारी करने का मामला
भोपाल। मरीज की जिंदगी बचाने वाला खून ही यदि तय मानकों पर खरा न उतरे तो यह गंभीर चिंता का विषय है। मध्यप्रदेश में रक्त केंद्रों की व्यवस्था की औचक जांच में ऐसी ही कई अनियमितताएं सामने आई हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने प्रदेश के 199 में से 166 ब्लड सेंटरों का निरीक्षण कराया। जांच में कमियां मिलने पर एक ब्लड सेंटर का लाइसेंस निरस्त, तीन की रक्त घटक बनाने की अनुमति निलंबित और चार केंद्रों की गतिविधियों पर रोक लगा दी गई। इसके अलावा दो केंद्रों को चेतावनी दी गई है और 26 अन्य केंद्रों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने इन कार्रवाईयों की जानकारी संबंधित विभागों, अस्पतालों और आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं।
रोक के बावजूद चलता मिला रक्त केंद्र, 11 यूनिट का संग्रह-वितरण
सबसे गंभीर मामला रीवा के श्री अथर्वन ब्लड सेंटर का सामने आया। विभाग के अनुसार केंद्र की गतिविधियां स्थगित रखने के आदेश के बावजूद वहां कामकाज जारी था। निरीक्षण में पता चला कि 25 से 28 अगस्त के बीच 11 यूनिट रक्त का संग्रह और वितरण किया गया। जांच के दौरान केंद्र में 54 यूनिट फ्रेश फ्रोजन प्लाज्मा भी स्टॉक में मिला। इसके अलावा 26 अगस्त को प्लेटलेट्स कंसंट्रेट की यूनिट मरीज श्रीमती कल्पना मिश्रा को दिए जाने की बात सामने आई। इन अनियमितताओं के आधार पर केंद्र का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया।
भोपाल में चार केंद्र कार्रवाई की जद में
राजधानी में भी चार रक्त केंद्रों पर कार्रवाई हुई है। लाइफ सेवर ब्लड सेंटर में मरीज को अवसान तिथि बीत चुके पीआरबीसी रक्त घटक जारी करने और अन्य गंभीर अनियमितताएं मिलने पर पीआरबीसी बनाने की अनुमति 90 दिन के लिए निलंबित की गई। वहीं नवोदय कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर ब्लड सेंटर में पुराने निरीक्षणों में मिली कमियों, दस्तावेजों के रखरखाव और ड्रग्स रूल्स की शेड्यूल एफ के अनुपालन में कमी दूर नहीं किए जाने पर आगामी आदेश तक गतिविधियां रोक दी गईं।न्यू भोपाल ब्लड सेंटर में बिना राज्य रक्त आधान परिषद और खाद्य एवं औषधि प्रशासन को सूचना दिए दूसरे राज्य से रक्त व उसके घटक मंगाने, बल्क ट्रांसफर गाइडलाइन का उल्लंघन करने और नियमों के विपरीत दूसरे रक्त केंद्र को रक्त घटक उपलब्ध कराने जैसी कमियां मिलीं। पुराने निरीक्षणों की कमियां भी दूर नहीं की गई थीं। इसके चलते अनुपालन होने तक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई। सेवा ब्लड सेंटर में भी दूसरे राज्य से बिना सूचना रक्त व घटक मंगाने और बल्क ट्रांसफर गाइडलाइन के उल्लंघन सहित अन्य गंभीर अनियमितताएं मिलने पर तत्काल रोक लगाई गई।

सतना में एक्सपायर्ड पीआरबीसी जारी
सतना के एमपी बिरला हॉस्पिटल के ब्लड सेंटर में मरीज को अवसान तिथि बीत चुके पीआरबीसी रक्त घटक जारी करने की बात निरीक्षण में सामने आई। अन्य गंभीर अनियमितताओं के आधार पर पीआरबीसी बनाने की अनुमति 90 दिन के लिए निलंबित की गई है।
उज्जैन में जंग लगे उपकरण, रिकॉर्ड भी अधूरे
उज्जैन के सीआर गार्डी हॉस्पिटल एवं आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के रक्त केंद्र में जंग लगे उपकरण मिले। रिकॉर्ड का नियमानुसार रखरखाव नहीं था और कई जरूरी उपकरण चालू स्थिति में नहीं पाए गए। विभाग ने होल ह्यूमन ब्लड की अनुमति एक दिन और सभी रक्त घटक बनाने की अनुमति सात दिन के लिए निलंबित की।
रीवा से इंदौर तक कार्रवाई
रीवा के विंध्य ब्लड सेंटर में बिना एसबीटीसी और खाद्य एवं औषधि प्रशासन को सूचना दिए दूसरे राज्य से रक्त व उसके घटक मंगाने तथा बल्क ट्रांसफर गाइडलाइन के उल्लंघन पर तत्काल गतिविधियां रोक दी गईं। वहीं धार के मित्तल ब्लड सेंटर और इंदौर के ओरोविंदो ब्लड सेंटर में रिकॉर्ड के रखरखाव में कमी मिलने पर चेतावनी जारी की गई।
शहरवार कार्रवाई
शहर ब्लड सेंटर कार्रवाई
रीवा श्री अथर्वन ब्लड सेंटर लाइसेंस निरस्त
सतना एमपी बिरला हॉस्पिटल पीआरबीसी बनाने की अनुमति 90 दिन निलंबित
भोपाल लाइफ सेवर ब्लड सेंटर पीआरबीसी बनाने की अनुमति 90 दिन निलंबित
उज्जैन सीआर गार्डी हॉस्पिटल एवं आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज होल ह्यूमन ब्लड की अनुमति 1 दिन, सभी घटकों की अनुमति 7 दिन निलंबित
रीवा विंध्य ब्लड सेंटर गतिविधियों पर तत्काल रोक
भोपाल नवोदय कैंसर हॉस्पिटल ब्लड सेंटर आगामी आदेश तक गतिविधियां बंद
भोपाल न्यू भोपाल ब्लड सेंटर अनुपालन तक गतिविधियां बंद
भोपाल सेवा ब्लड सेंटर गतिविधियों पर तत्काल रोक
धार मित्तल ब्लड सेंटर चेतावनी
इंदौर ओरोविंदो ब्लड सेंटर चेतावनी

प्रदेश की तस्वीर: 199 कुल ब्लड सेंटर | 166 का औचक निरीक्षण | 1 लाइसेंस निरस्त | 3 उत्पाद अनुमतियां निलंबित | 4 केंद्रों की गतिविधियां बंद | 2 को चेतावनी | 26 केंद्रों के निरीक्षण के निर्देश।

Exit mobile version