भोपाल में नगर निगम की बड़ी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई, ठेले-पान पार्लर जब्त, मेट्रो परियोजना में बाधक झुग्गियां हटाईं

भोपाल। नगर निगम ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाते हुए बड़ी संख्या में अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ पर लगे ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, सब्जी की दुकानें, अवैध काउंटर, बोर्ड, दुकानों के बाहर रखा सामान तथा आवागमन में बाधा बन रहे वाहनों को हटाया गया। अभियान के दौरान 3 ठेले, 1 पान पार्लर और 20 कैरेट (हाथ ठेले/स्टैंड) जब्त किए गए।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की। अभियान कोलार रोड, सर्वधर्म कॉलोनी, चूनाभट्टी, शिवाजी नगर, भदभदा चौराहा, टीटी नगर, जवाहर चौक, रोशनपुरा, बिट्टन मार्केट, इंद्रपुरी, गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र, रायसेन रोड, हमीदिया रोड, कोहेफिजा, जहांगीराबाद, कमला पार्क सहित शहर के अनेक क्षेत्रों में चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान सूरज नगर-भदभदा क्षेत्र से सड़क पर पड़ी भवन निर्माण सामग्री हटाई गई। वहीं टीटी नगर दशहरा मैदान क्षेत्र में यातायात में बाधा बन रहे 40 चार पहिया वाहनों को हटाया गया।
नगर निगम ने इंद्रपुरी औद्योगिक क्षेत्र में मेट्रो रेल परियोजना के कार्य में बाधा बन रही 6 झुग्गियों को भी हटाया, जिससे परियोजना कार्य को सुचारु रूप से आगे बढ़ाया जा सके।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





