
भोपाल, 24 जुलाई। जिला प्रशासन ने शुक्रवार को हुजूर तहसील के नीलबड़ और मुंडला क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। एसडीएम विनोद सोनकिया की मौजूदगी में नीलबड़ में शासकीय भूमि पर बने 20 दुकानों के अवैध शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया, जबकि ग्राम मुंडला में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी का निर्माण भी रुकवा दिया गया।
श्मशान भूमि पर बना था शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
प्रशासन के अनुसार, नीलबड़ क्षेत्र में व्हीएंडके एसोसिएट्स के विजेंद्र सिंह ठाकुर और कृष्णकांत शुक्ला द्वारा श्मशान भूमि के लिए आरक्षित 8,719 वर्गफीट शासकीय भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर 20 दुकानों वाला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया गया था। नोटिस जारी करने के बाद शुक्रवार को पूरे निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया।
मुंडला में 1.21 एकड़ पर बसाई जा रही थी अवैध कॉलोनी
प्रशासन ने ग्राम मुंडला में 1.21 एकड़ कृषि भूमि पर बिना डायवर्सन और आवश्यक अनुमतियों के विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर भी कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक, चार भूमि मालिकों की कुल 0.49 हेक्टेयर (1.21 एकड़) जमीन पर प्लॉटिंग की तैयारी की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी की फेंसिंग, एप्रोच रोड और अन्य निर्माण हटाकर विकास कार्य रुकवा दिया गया।
प्रशासन का कहना है कि बिना वैधानिक अनुमति के विकसित होने वाली कॉलोनियों में भविष्य में खरीदारों को बिजली, सड़क, सीवेज, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई।
अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
एसडीएम विनोद सोनकिया ने बताया कि हुजूर तहसील में अवैध निर्माणों और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि नीलबड़ में अवैध शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को हटाया गया है और मुंडला में अवैध कॉलोनी का विकास कार्य रोक दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध निर्माणों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
