भोपाल में फायर सेफ्टी पर बड़ी कार्रवाई: आईबी लाइब्रेरी सील, HDFC बैंक समेत 7 संस्थानों को नोटिस

bhopal-fire-safety-action-ib-library-sealed-hdfc-bank-notice
भोपाल नगर निगम ने फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन पर एमपी नगर स्थित आईबी लाइब्रेरी का बेसमेंट सील किया। HDFC बैंक सहित 7 संस्थानों को 2 दिन में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का नोटिस दिया।
भोपाल में फायर सेफ्टी पर सख्ती, आईबी लाइब्रेरी का बेसमेंट सील
भोपाल। नगर निगम और जिला प्रशासन ने एमपी नगर क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए आईबी लाइब्रेरी के बेसमेंट को सील कर दिया। जांच में फायर सेफ्टी के आवश्यक इंतजाम नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई। इसके अलावा HDFC बैंक सहित सात अन्य संस्थानों को दो दिन के भीतर अग्नि सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने और नोटिस का जवाब देने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर फायर ब्रिगेड, नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को एमपी नगर स्थित कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
इन संस्थानों को जारी किए गए नोटिस
आईबी लाइब्रेरी (प्लॉट नंबर 15, जोन-2) का बेसमेंट फायर सेफ्टी व्यवस्था नहीं मिलने पर सील किया गया।
नीट मेंटर क्लासेस को अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पूरी करने के लिए समय दिया गया।
HDFC बैंक को स्मोक डिटेक्टर, फायर अलार्म सिस्टम और फायर एक्सटिंग्विशर लगाने के निर्देश देते हुए दो दिन में जवाब मांगा गया।
महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट के भवन स्वामी को 10 अगस्त 2026 तक नोटिस का जवाब देने के निर्देश दिए गए।
रॉव अकादमी के भवन स्वामी को फायर हाइड्रेंट सिस्टम स्थापित करने और दो दिन में जवाब देने को कहा गया।
प्रतिज्ञा समाजसेवा कल्याण समिति को फायर एग्जिट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का नोटिस जारी किया गया।
आराध्या लाइब्रेरी के भवन स्वामी को फायर एग्जिट और फिक्स्ड फायर सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम की चेतावनी
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि जिन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाएगा, उनके खिलाफ आगे भी सीलिंग और अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।






