विदेशी ब्रांड की शराब भी बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, 22 जुलाई। जिला आबकारी विभाग ने दो दिनों तक चले विशेष अभियान में राजधानी के चार अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 552.75 लीटर अवैध विदेशी एवं देशी शराब और चार वाहन जब्त किए हैं। कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेन्द्र सिंह धाकड़ ने बुधवार को बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर विभाग पिछले 15 दिनों से आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी राहुल यादव करीब एक माह पहले ही जेल से छूटकर आया था।
पहली कार्रवाई गांधी नगर स्थित पंचवटी कॉलोनी में की गई, जहां राहुल यादव को वर्ना कार से 81 लीटर अवैध विदेशी शराब का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया गया। मौके से शराब और कार दोनों जब्त कर ली गई।
दूसरी कार्रवाई त्रिलंगा के विकास कुंज स्थित राहुल यादव की पत्नी प्रीति यादव के मकान पर की गई। तलाशी के दौरान 411.75 लीटर उच्च श्रेणी की विदेशी शराब बरामद हुई। विभाग के अनुसार जब्त शराब में कुछ ऐसी विदेशी ब्रांड की शराब भी शामिल है, जो भारत के बाहर की है। मौके से तीन वाहन भी जब्त किए गए और प्रीति यादव को गिरफ्तार किया गया।
तीसरी कार्रवाई में चंचल साहू के आवास से 54 लीटर विदेशी शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
चौथी कार्रवाई बरखेड़ी क्षेत्र में हुई, जहां अनिकेत शाक्य को स्कूटी से देशी शराब की छह पेटियां ले जाते हुए पकड़ा गया। शराब और स्कूटी दोनों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
सहायक आबकारी आयुक्त ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
यह अभियान आबकारी आयुक्त दीपक कुमार सक्सेना, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त वीरेन्द्र सिंह धाकड़ के मार्गदर्शन में नियंत्रण कक्ष प्रभारी आर.जी. भदौरिया के नेतृत्व में चलाया गया।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल, भ्रांति सरयाम, सहायक जिला आबकारी अधिकारी अर्चना जैन, सुरेन्द्र देवांगन, मनीष द्विवेदी, सरिता चंदेल, अमिताभ त्रिपाठी, महेश विश्वकर्मा, आबकारी उपनिरीक्षक नीरज दुबे सहित विभाग का अन्य अमला शामिल रहा।
