ग्वालियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आभूषण चोरी करने वाले गिरोह के दो और सदस्य गिरफ्तार, 94 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद

भोपाल, 1 जून। प्रदेश में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्वालियर पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले संगठित गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में सोना-चांदी और एक कार सहित लगभग 87 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

87 लाख रुपये की संपत्ति बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से 200 ग्राम सोने का टुकड़ा, 50 ग्राम सोने की चूड़ियां, 12 किलो 500 ग्राम चांदी तथा एक Hyundai i20 बरामद की गई है। जब्त संपत्ति का अनुमानित मूल्य लगभग 87 लाख रुपये बताया गया है।

इससे पहले पुलिस गिरोह के मास्टरमाइंड, चोरी का माल खरीदने वाले एक सर्राफा कारोबारी तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर करीब 7.25 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद कर चुकी थी। इस प्रकार पूरे मामले में अब तक 94 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।

सूने मकान में हुई थी बड़ी चोरी

जानकारी के अनुसार 5 मई को इंदरगंज क्षेत्र के एक निवासी ने अपने सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।

जंगल में छिपाकर रखा था चोरी का माल

विवेचना के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पनिहार टोल के आगे जंगल क्षेत्र में जमीन में छिपाकर रखा गया चोरी का माल बरामद किया गया।

पुलिस ने वहां से 2 किलो चांदी, एक जोड़ी पायजेब, एक सोने की चेन और दो सोने की अंगूठियां सहित लगभग 7.25 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की थी।

चोरी के माल की खरीद-फरोख्त की भी जांच

पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों तथा चोरी के आभूषणों की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है तथा संगठित अपराध पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version