State

भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, डेयरियों और जोमैटो हाइपरप्योर समेत छह प्रतिष्ठानों पर छापे

भोपाल, 22 जुलाई। राजधानी में खाद्य पदार्थों में मिलावट और खराब गुणवत्ता की शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान दूध, दही, पनीर, घी सहित 20 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने जोमैटो हाइपरप्योर प्राइवेट लिमिटेड से भी अमूल ब्रांड के दूध और पनीर के पांच नमूने लिए। जांच में यह सामने आया कि कंपनी नियर-एक्सपायरी (समाप्ति तिथि के करीब) उत्पादों को वापस तो लेती है, लेकिन उनके निस्तारण (डिस्पोजल) से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है। यह कंपनी ब्लिंकिट समेत अन्य ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और व्यावसायिक ग्राहकों को दूध एवं अन्य खाद्य सामग्री की आपूर्ति करती है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बैरागढ़ और ईंटखेड़ी क्षेत्र की प्रमुख डेयरियों पर भी कार्रवाई की। राधा कृष्णा डेयरी, श्री कृष्णा डेयरी, सौरभ पॉइंट, महादेव गंगे डेयरी और बॉम्बे दूध डेयरी से दूध, दही, पनीर और घी के नमूने एकत्र किए गए। इसके अलावा विभिन्न कैंटीनों से घी, बेसन, नमक और इमली के नमूने भी जांच के लिए लिए गए।

पूरी कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के नेतृत्व में की गई। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव, साधना सक्सेना, अरुण कुमार पटेल, जगदीश प्रसाद और जगदीश विश्वकर्मा शामिल रहे।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी और मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles