State

भोपाल आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 62.64 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी फरार

भोपाल। भोपाल आबकारी विभाग ने अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 62.64 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की है। मामले में एक आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है, जबकि वह मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ के मार्गदर्शन में नियंत्रण कक्ष प्रभारी आर.जी. भदौरिया के नेतृत्व में आबकारी टीम ने 17 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बैरसिया क्षेत्र के कनेरा जोड़, निपनिया जाट में छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए 62.64 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 44 हजार रुपये बताई गई है।

आबकारी विभाग के अनुसार, आरोपी संजय जाट (37 वर्ष), पिता भगवत सिंह, निवासी बैरसिया कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है।

यह कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुरेंद्र कुमार देवांगन तथा आबकारी उपनिरीक्षक चंदर सिंह के नेतृत्व में की गई। इस दौरान आबकारी उपनिरीक्षक नीरज दुबे, भ्रांति सरयाम सहित विभागीय अमला मौजूद रहा।

सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles