State

भोपाल क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख रुपये का नकली ब्रांडेड सामान जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार

नकली सर्फ, शैंपू, क्रीम, साबुन, विक्स, ईनो और मसाले की सप्लाई का खुलासा, कई दुकानों तक पहुंचा था माल

भोपाल। भोपाल क्राइम ब्रांच ने नकली एवं मिलावटी दैनिक उपयोग की वस्तुओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये का नकली ब्रांडेड सामान जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में सोहेल उर्फ रिहान (34) निवासी करोंद, भोपाल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कबाड़खाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट के माध्यम से विभिन्न ब्रांडेड कंपनियों के नाम से नकली उत्पादों की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मीनार कांटा के सामने लकी ट्रांसपोर्ट के पास दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से नकली सर्फ, शैंपू, फेस क्रीम, साबुन, विक्स वेपोरब, ईनो, हेयर ऑयल, एवरेस्ट मसाले सहित बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कम कीमत पर नकली माल अहमदाबाद (गुजरात) से खरीदकर भोपाल में विभिन्न किराना दुकानों पर सप्लाई करता था। जांच में सामने आया है कि कुछ दुकानों से भी नकली उत्पाद जब्त किए गए हैं, जबकि कुछ स्थानों पर आरोपी पहले ही माल बेच चुका था।

क्राइम ब्रांच का कहना है कि आरोपी असली कंपनियों की तरह हूबहू पैकिंग और रैपर तैयार कर ग्राहकों को गुमराह कर रहा था, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और आर्थिक हितों को नुकसान पहुंचने की आशंका थी। मामले में कॉपीराइट एक्ट और अन्य प्रासंगिक कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक कम कीमत पर मिलने वाले ब्रांडेड उत्पाद खरीदने से पहले उनकी गुणवत्ता और पैकिंग की जांच अवश्य करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles