State

भोपाल के हिमांशु लोखंडे का मोनाश यूनिवर्सिटी में चयन, विदेश अध्ययन योजना से मिलेगी 37.58 लाख रुपये की सहायता

भोपाल। मध्यप्रदेश शासन की पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना के तहत भोपाल के होनहार छात्र हिमांशु लोखंडे का चयन ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित मोनाश यूनिवर्सिटी में मास्टर ऑफ साइबर सिक्योरिटी पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। इस उपलब्धि के साथ हिमांशु ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे भोपाल जिले का नाम रोशन किया है।

साकेत नगर निवासी हिमांशु लोखंडे, पिता सुखदेव लोखंडे, का चयन वर्ष 2025-26 के लिए विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत हुआ है। योजना के तहत उन्हें 8 जुलाई 2026 को प्रथम वर्ष की ट्यूशन फीस के लिए 37,58,880 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।

दो वर्ष का होगा पाठ्यक्रम

मोनाश यूनिवर्सिटी में मास्टर ऑफ साइबर सिक्योरिटी का यह पाठ्यक्रम दो वर्ष का है। छात्रवृत्ति योजना के तहत शिक्षण शुल्क के अलावा निर्वाह भत्ता, आकस्मिकता भत्ता, बीमा तथा हवाई यात्रा का खर्च भी शासन द्वारा वहन किया जाएगा।

भोपाल से ऑस्ट्रेलिया तक का सफर

हिमांशु ने अपनी स्कूली शिक्षा सागर पब्लिक स्कूल, साकेत नगर, भोपाल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने भारती विद्यापीठ डीम्ड यूनिवर्सिटी, पुणे से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में बी.टेक. की डिग्री हासिल की।

अपनी सफलता का श्रेय हिमांशु ने अपने माता-पिता, शिक्षकों और निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और पूरी ईमानदारी से प्रयास किए जाएं तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते। उन्होंने भविष्य में उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज और प्रशासनिक क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देने की इच्छा भी व्यक्त की।

प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिलता है अवसर

मध्यप्रदेश शासन की पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना के तहत पिछड़ा वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को विदेश में स्नातकोत्तर और पीएचडी की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराना और उन्हें वैश्विक अनुभव के साथ देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करना है।

हिमांशु लोखंडे की सफलता भोपाल सहित प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का उदाहरण बनकर सामने आई है।

Related Articles