भोपाल बनेगा ब्रिक्स संस्कृति सम्मेलन का मेजबान, 5 से 8 अगस्त तक जुटेंगे संस्कृति मंत्री और प्रतिनिधि

भोपाल, 27 जुलाई । मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल 5 से 8 अगस्त तक प्रतिष्ठित ब्रिक्स संस्कृति सम्मेलन (BRICS Culture Track Meetings) की मेजबानी करेगा। सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्री, वरिष्ठ प्रतिनिधि और कलाकार शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न देशों के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा सोमवार को संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कमिश्नर कार्यालय में आयोजित बैठक में की। बैठक में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की संचालक प्रियंका चंद्र (वीसी के माध्यम से), कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, स्मार्ट सिटी सीईओ अंजू अरुण कुमार, संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी सहित संस्कृति, पुरातत्व और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त शर्मा ने निर्देश दिए कि सम्मेलन की सभी व्यवस्थाएं भारत की संस्कृति, परंपरा और गौरव के अनुरूप उच्च स्तर की हों। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ माइक्रो प्लानिंग कर तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

सम्मेलन का प्रस्तावित कार्यक्रम

5 अगस्त: मिंटो हॉल में ब्रिक्स देशों की तकनीकी समितियों की बैठक। शाम को प्रतिनिधिमंडल इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय का भ्रमण करेगा।

6 अगस्त: मिंटो हॉल में तकनीकी समितियों की बैठक जारी रहेगी। शाम को रवीन्द्र भवन में ब्रिक्स कल्चरल फेस्टिवल के तहत सदस्य देशों के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

7 अगस्त: ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों का भोपाल आगमन। इसके बाद ट्राइबल म्यूजियम, वन विहार और राज्य संग्रहालय का भ्रमण। शाम 5 से 7 बजे तक रवीन्द्र भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा।

8 अगस्त: सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में संस्कृति मंत्रियों की बैठक होगी। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल का सांची स्तूप भ्रमण प्रस्तावित है।

यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भोपाल को वैश्विक सांस्कृतिक मंच पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन क्षमता को भी विश्व के सामने प्रदर्शित करेगा।

Exit mobile version