भोपाल: गंदगी, सीएंडडी वेस्ट और पॉलीथीन पर नगर निगम की सख्ती, 71 मामलों में ₹22,100 का स्पॉट फाइन

भोपाल, 20 जुलाई। नगर निगम भोपाल ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए गंदगी फैलाने, सीएंडडी (निर्माण एवं विध्वंस) वेस्ट सड़कों पर डालने, सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथीन का उपयोग करने तथा सार्वजनिक संपत्ति को विरूपित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को निगम के स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर 71 प्रकरणों में कुल 22,100 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न जोनों में कार्रवाई की। इस दौरान गंदगी फैलाने, निर्माण मलबा सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और संपत्ति विरूपण के मामलों में मौके पर ही जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के तहत जोन क्रमांक-13 में 9 प्रकरणों में 8,400 रुपये, जोन क्रमांक-14 में 26 प्रकरणों में 6,700 रुपये, जोन क्रमांक-15 में 19 प्रकरणों में 2,500 रुपये तथा जोन क्रमांक-16 में 17 प्रकरणों में 4,500 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला गया।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं, निर्माण मलबे का नियमानुसार निस्तारण करें और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचें। निगम ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।





