State

भोपाल: वर्षा जल निकासी और जलसंरचनाओं की सफाई पर नगर निगम का फोकस, नालों की सतत निगरानी जारी

भोपाल। नगर निगम वर्षा ऋतु के दौरान शहर में जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और तालाबों सहित अन्य जलसंरचनाओं को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए लगातार सफाई और निगरानी अभियान चला रहा है। निगम का अमला नालों की नियमित मॉनिटरिंग कर रहा है ताकि वर्षा के दौरान कहीं भी जलभराव या पानी की निकासी में बाधा उत्पन्न न हो।

महापौर मालती राय के निर्देश तथा निगम आयुक्त संस्कृति जैन के आदेश पर शहर के प्रमुख नालों और नालियों की सफाई पोकलेन मशीन, जेसीबी और श्रमिकों की मदद से कराई गई। सफाई के बाद भी निगम की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और जहां आवश्यकता पड़ रही है, वहां तत्काल पानी की निकासी की व्यवस्था की जा रही है।

नगर निगम ने जलगंगा संवर्धन अभियान के तहत शहर के तालाबों, कुओं और बावड़ियों की सफाई एवं सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया है। अभियान के बाद भी स्वास्थ्य विभाग और झील संरक्षण प्रकोष्ठ द्वारा तालाबों से कचरा, गाद और मिट्टी हटाने का कार्य निरंतर जारी है। साथ ही विभिन्न सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के माध्यम से तालाबों में मिलने वाले सीवेज का उपचार भी किया जा रहा है।

निगम के अनुसार, शहर के प्रमुख बाणगंगा नाले सहित अन्य बड़े नालों की नियमित सफाई की जा रही है। नालों से प्लास्टिक कचरा, गंदगी, पेड़-पौधों के अवशेष और अन्य अपशिष्ट निकालकर उनका वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जा रहा है, ताकि वर्षा जल का बहाव निर्बाध बना रहे और शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

Related Articles