भोपाल, 13 जुलाई। शहर में स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से भोपाल नगर निगम ने गंदगी फैलाने, प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने, निर्माण एवं विध्वंस (सी एंड डी) कचरा सड़कों पर फेंकने तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 75 प्रकरणों में कुल 15,400 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर सोमवार को निगम के अमले ने सार्वजनिक स्थलों, बिजली के खंभों और दीवारों पर अवैध रूप से पोस्टर-बैनर लगाकर संपत्ति विरूपण करने, गंदगी फैलाने, प्रतिबंधित पॉलीथीन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर सी एंड डी वेस्ट फेंकने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान जोन क्रमांक-13 में 18 प्रकरणों में 3,700 रुपये, जोन क्रमांक-14 में 26 प्रकरणों में 8,600 रुपये, जोन क्रमांक-15 में 20 प्रकरणों में 2,000 रुपये तथा जोन क्रमांक-16 में 11 प्रकरणों में 1,100 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला गया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। नागरिकों से भी सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने, प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा निर्माण मलबे का निर्धारित स्थान पर ही निस्तारण करने की अपील की गई है।
