State

भोपाल नगर निगम की कार्रवाई, गंदगी फैलाने वाले डेयरी संचालकों समेत छह लोगों पर 20,500 रुपये का जुर्माना

भोपाल, 22 जुलाई। नगर निगम ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए बुधवार को डेयरी संचालकों सहित छह मामलों में कार्रवाई कर 20,500 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला।

निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान जोन क्रमांक-18 के वार्ड-80 स्थित दामखेड़ा क्षेत्र में नदी किनारे गंदगी फैलाने पर दो डेयरी संचालकों पर 5-5 हजार रुपये, जबकि वार्ड-82 में एक अन्य डेयरी संचालक पर 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसके अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने के तीन मामलों में 7,500 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला गया। इस तरह कुल छह प्रकरणों में 20,500 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई।

नगर निगम ने बताया कि सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फैलाने, सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथीन का उपयोग करने तथा सी एंड डी (निर्माण एवं विध्वंस) वेस्ट खुले में फेंकने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

निगम प्रशासन ने नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से स्वच्छता नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles