State

भोपाल नगर निगम सख्त, संपत्तिकर बकायादारों पर होगी कुर्की और तालाबंदी की कार्रवाई

भोपाल, 22 जुलाई। नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने संपत्तिकर सहित सभी प्रकार के करों और शुल्कों की प्रभावी वसूली के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कर जमा नहीं करने वाले बकायादारों के विरुद्ध कुर्की और तालाबंदी की कार्रवाई की जाए तथा करारोपण से छूटी संपत्तियों का सर्वे कर नए कर खाते बनाए जाएं।

बुधवार को नगर निगम के नवीन मुख्यालय अटल भवन में आयोजित समय-सीमा कार्यों की समीक्षा बैठक में आयुक्त ने राजस्व विभाग के अधिकारियों से कहा कि सभी मदों में राजस्व वसूली तेज की जाए और लक्ष्य समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कर वसूली में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए।

बैठक में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा, सी एंड डी वेस्ट फैलाने तथा पॉलीथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और स्पॉट फाइन वसूलने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मानसून को देखते हुए 25 जुलाई 2026 को प्रस्तावित वृक्षारोपण अभियान की सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं। साथ ही शहर की सड़कों के रेस्टोरेशन कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त अंजू अरुण कुमार, तन्मय वशिष्ठ शर्मा, वरुण अवस्थी, वरुण बरेडिया, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता सहित उपायुक्त, अधीक्षण यंत्री, सहायक आयुक्त और निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles