भोपाल मेट्रो बनी ज्ञान की पाठशाला, ‘क्लैट ऑन व्हील्स’ में विद्यार्थियों ने सीखा करियर और व्यक्तित्व विकास का पाठ
भोपाल। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमपीएमआरसीएल) की ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’ पॉलिसी के तहत शनिवार को भोपाल मेट्रो में एक अनूठा शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘क्लैट ऑन व्हील्स’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मेट्रो यात्रा के दौरान सामान्य ज्ञान, करियर मार्गदर्शन और भविष्य निर्माण से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का आयोजन सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से एम्स मेट्रो स्टेशन के बीच चलती मेट्रो में किया गया। इस दौरान मेट्रो के दो कोच लगभग दो घंटे के लिए विशेष रूप से आरक्षित किए गए थे, जिसमें करीब 100 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की।
क्विज प्रतियोगिता और करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ ही विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को करियर विकल्पों, व्यक्तित्व विकास, लक्ष्य निर्धारण और भविष्य की योजनाओं को लेकर मार्गदर्शन दिया।
विद्यार्थियों ने संवादात्मक सत्रों में भाग लेते हुए अपने सवाल पूछे और विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
मेट्रो यात्रा के साथ मिला सीखने का नया अनुभव
चलती मेट्रो में आयोजित ‘क्लैट ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए सीखने का अलग अनुभव लेकर आया। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने क्विज, संवाद और अन्य ज्ञानवर्धक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की।
एमपीएमआरसीएल की ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’ पहल का उद्देश्य मेट्रो को केवल परिवहन का माध्यम नहीं बल्कि सामाजिक, शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों के लिए एक नए मंच के रूप में विकसित करना है। इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को मेट्रो से जोड़ने के साथ-साथ नए अनुभव उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।