भोपाल: कटारा हिल्स पुलिस की ड्रग्स तस्करों पर तीसरी बड़ी कार्रवाई, 2.11 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

भोपाल, 24 जुलाई। राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ कटारा हिल्स पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने मदनी नगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 2.11 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस आयुक्त संजय सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त जोन-2 विकाश कुमार सहवाल के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मिनी शुक्ला और सहायक पुलिस आयुक्त मिसरोद डॉ. रजनीश कश्यप के निर्देशन में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी सुनील दुबे के नेतृत्व में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर 23 जुलाई की रात करीब 11:26 बजे मदनी नगर झुग्गी बस्ती में घेराबंदी कर दिनेश मेहरा (पिता मुरारीलाल मेहरा), निवासी मदनी नगर, को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.11 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 218/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पिछले चार दिनों में कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में ड्रग तस्करों के खिलाफ यह तीसरी कार्रवाई है, जिससे क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दुबे, उपनिरीक्षक अखिलेश जोठे, प्रधान आरक्षक विजय चौधरी, ध्यानेन्द्र सिंह तथा आरक्षक विपिन सिंह राजावत, जितेन्द्र दांगी और संतप्रकाश पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





