एसडीएम को सौंपी जाएगी, इसके बाद कलेक्टर करेंगे कार्रवाई
भोपाल। राजधानी भोपाल की हुजूर तहसील के ग्राम रोजीवे में कथित अवैध मिट्टी खनन के मामले में जांच प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन जांच रिपोर्ट अभी तक संबंधित अधिकारियों को नहीं सौंपी गई है। शुक्रवार को मौके का निरीक्षण और जांच पूरी होने के बावजूद शनिवार तक खनिज विभाग की रिपोर्ट हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया को नहीं मिल सकी। अब रविवार को अवकाश होने के कारण रिपोर्ट सोमवार को एसडीएम को सौंपी जाएगी।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम को रिपोर्ट मिलने के बाद उसे आगे की आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई के लिए भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को भेजा जाएगा। इसके आधार पर संबंधित पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा।
समतलीकरण की अनुमति, लेकिन अवैध खनन के आरोप
मामला ग्राम रोजीवे स्थित एक भूमि से जुड़ा है, जहां भूमि स्वामी हरिचरण को समतलीकरण (लेवलिंग) के लिए खनिज विभाग से 44 घनमीटर अतिरिक्त मिट्टी निकालने और बेचने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, शिकायतों में आरोप लगाया गया कि निर्धारित अनुमति की सीमा से कहीं अधिक मात्रा में मिट्टी का उत्खनन किया गया।
बताया जा रहा है कि संबंधित भूमि पर कथित रूप से अवैध तरीके से खदान का संचालन किया गया और लगभग 30 फीट गहराई तक खुदाई कर लाखों रुपये मूल्य की मिट्टी निकाली एवं बेची गई। इन्हीं आरोपों की पुष्टि के लिए खनिज विभाग द्वारा जांच की गई है।
जांच रिपोर्ट पर टिकी आगे की कार्रवाई
अब पूरे मामले में निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। यदि जांच में अनियमितताएं या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो प्रशासन संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर सकता है। फिलहाल अंतिम निर्णय जांच रिपोर्ट और उसके निष्कर्षों के आधार पर लिया जाएगा।