भोपाल के गुलमोहर क्षेत्र में बिना लाइसेंस संचालित बनतारा रेस्टोरेंट एंड बीयर बार पर आबकारी विभाग ने छापा मारा। एक आरोपी गिरफ्तार, संचालक फरार, महंगी विदेशी शराब और बीयर जब्त।
भोपाल। राजधानी के गुलमोहर क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस संचालित किए जा रहे बनतारा रेस्टोरेंट एंड बीयर बार पर आबकारी विभाग ने देर रात छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान परिसर से विदेशी ब्रांड की शराब और बीयर बरामद की गई। विभाग के अनुसार, रेस्टोरेंट के पास बार संचालन का वैध लाइसेंस नहीं था, इसके बावजूद वहां ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जिला आबकारी नियंत्रण दल ने गुरुवार-शुक्रवार की रात यह कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध रूप से बीयर बार संचालित किया जा रहा था और बार का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा था।
एक आरोपी गिरफ्तार, संचालक फरार
छापे के दौरान रेस्टोरेंट संचालक मौके से फरार हो गया, जबकि अनिकेत नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। शुक्रवार को उसे जिला न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। फरार संचालक की तलाश जारी है।
एक अन्य फरार आरोपी भी गिरफ्तार
आबकारी विभाग ने एक अन्य मामले में पहले से फरार चल रहे आरोपी संजय जाट, निवासी ग्राम निपानिया जाट, को भी गिरफ्तार किया है। आबकारी उपनिरीक्षक चंदर सिंह ने उसे पकड़कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।
यह कार्रवाई कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेन्द्र धाकड़ के मार्गदर्शन में नियंत्रण कक्ष प्रभारी रामगोपाल भदौरिया के नेतृत्व में की गई।
