State

भोपाल मंडल का तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान सफल, 2,841 बच्चों को पिलाई गई पोलियो रोधी खुराक

भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विशेष पल्स पोलियो अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 28 से 30 जून 2026 तक चले इस अभियान के दौरान रेलवे एवं गैर-रेलवे परिवारों के 2,841 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई।

यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय डोगरा के निर्देशन में संचालित किया गया। रेलवे चिकित्सा विभाग की टीमों ने भोपाल सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और रेलवे कॉलोनियों में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया।

रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में लगाए गए विशेष बूथ

अभियान के तहत भोपाल रेलवे स्टेशन, रेलवे कॉलोनियों तथा प्रमुख ट्रेनों में विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए गए। जिन ट्रेनों में अभियान चलाया गया, उनमें झेलम एक्सप्रेस, पंजाब मेल, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, कामायनी एक्सप्रेस, राजकोट एक्सप्रेस, कर्नाटक एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस तथा भोपाल–बीना मेमू शामिल रहीं।

इसके अलावा पूर्वी रेलवे कॉलोनी, कोच रिपेयर रेलवे कॉलोनी, निशातपुरा और हबीबगंज रेलवे कॉलोनी में भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।

तीन दिनों में इतने बच्चों का हुआ टीकाकरण

रेलवे के अनुसार अभियान के पहले दिन 28 जून को रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और रेलवे कॉलोनियों में 2,471 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई।

29 जून को रेलवे परिवारों के 210 और गैर-रेलवे परिवारों के 30, कुल 240 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई।

अभियान के अंतिम दिन 30 जून को रेलवे परिवारों के 89 तथा गैर-रेलवे परिवारों के 41, कुल 130 बच्चों का टीकाकरण किया गया।

इस प्रकार तीन दिनों में कुल 2,841 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई।

अभिभावकों को भी किया गया जागरूक

अभियान के दौरान चिकित्सा विभाग की टीमों ने अभिभावकों को भी जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को हर पल्स पोलियो अभियान के दौरान पोलियो की खुराक अवश्य दिलानी चाहिए, ताकि बच्चों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

“पोलियो मुक्त भारत” के लक्ष्य की ओर प्रयास

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) सौरभ कटारिया ने कहा कि अभियान की सफलता में चिकित्सा विभाग, रेलवे कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और अभिभावकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने सभी अभिभावकों से भविष्य में भी प्रत्येक पल्स पोलियो अभियान में अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने की अपील की, ताकि “पोलियो मुक्त भारत” के राष्ट्रीय लक्ष्य को और मजबूत बनाया जा सके।

Related Articles