ललितपुर स्टेशन यार्ड रिमॉडलिंग से भोपाल मंडल की ट्रेनें प्रभावित, 6 ट्रेनें निरस्त और 34 का बदला मार्ग
1 जुलाई से 1 अगस्त तक चलेगा प्री-नॉन इंटरलॉकिंग, इंटरलॉकिंग और पोस्ट इंटरलॉकिंग कार्य
भोपाल। झांसी रेल मंडल के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–बीना रेलखंड स्थित ललितपुर स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते भोपाल मंडल से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। रेल प्रशासन के अनुसार, यह कार्य 1 जुलाई 2026 से 1 अगस्त 2026 तक तीन चरणों में पूरा किया जाएगा।
यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस अवधि में 6 ट्रेनों को निरस्त किया गया है, जबकि 34 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को निर्धारित तिथियों में झांसी मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर नियंत्रित कर चलाया जाएगा।
ये ट्रेनें रहेंगी निरस्त
रेलवे के अनुसार निम्न ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा—
64618 ललितपुर–बीना एवं 64617 बीना–ललितपुर — 10 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक
22163 भोपाल–खजुराहो एवं 22164 खजुराहो–भोपाल एक्सप्रेस — 16 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक
05074 लखनऊ सिटी–एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस — 11 और 18 जुलाई 2026
05073 एसएमवीटी बेंगलुरु–लखनऊ सिटी एक्सप्रेस — 14 और 21 जुलाई 2026
07363 हुबली–योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस — 13 जुलाई 2026
07364 योग नगरी ऋषिकेश–हुबली एक्सप्रेस — 16 जुलाई 2026
34 ट्रेनों के बदले गए मार्ग
यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। इनमें प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं—
12649 यशवंतपुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को बीना–रूठियाई–सोगरिया–बयाना–मथुरा मार्ग से चलाया जाएगा।
22705 तिरुपति–जम्मूतवी एक्सप्रेस भी इसी वैकल्पिक मार्ग से संचालित होगी।
12192 जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को बीना–गुना–ग्वालियर मार्ग से चलाया जाएगा।
12721 हैदराबाद–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस भोपाल–संत हिरदाराम नगर–नागदा–कोटा–बयाना–मथुरा मार्ग से जाएगी।
20805 विशाखापट्टनम–नई दिल्ली एक्सप्रेस को बीना–रूठियाई–सोगरिया–बयाना–मथुरा मार्ग से संचालित किया जाएगा।
इसके अलावा नई दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, अहमदाबाद, अयोध्या, गोरखपुर और अन्य प्रमुख शहरों के बीच चलने वाली कई ट्रेनों को बीना–गुना–ग्वालियर, मथुरा–बयाना–कोटा, इटारसी–जबलपुर–सतना–मानिकपुर सहित अन्य वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा।
यात्रियों से यात्रा से पहले जानकारी लेने की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। रेलवे द्वारा स्टेशन उद्घोषणा प्रणाली, सूचना पट्ट और अन्य माध्यमों से यात्रियों को बदलावों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
रेलवे के अनुसार, ललितपुर स्टेशन पर किया जा रहा यार्ड रिमॉडलिंग कार्य रेल अधोसंरचना को मजबूत करने और भविष्य में बेहतर ट्रेन संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।