State

भोपाल क्राइम ब्रांच का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 3 आरोपी गिरफ्तार

दो अलग-अलग कार्रवाई में 2.681 किलोग्राम गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त

भोपाल, 5 जून। गृहमंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भोपाल क्राइम ब्रांच ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 681 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और नकदी जब्त की है। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 1.41 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस आयुक्त संजय कुमार तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अभियान का संचालन पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में किया गया।

किराना दुकान से गांजा बेचती मिली बुजुर्ग महिला

क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि भीमनगर स्थित राहुल किराना स्टोर से अवैध रूप से गांजे की पुड़िया बनाकर बेची जा रही हैं। सूचना के आधार पर टीम ने दुकान पर छापा मारकर 69 वर्षीय राजवती राय को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर के नीचे रखी पन्नियों और पुड़ियों से 756 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा गांजे की बिक्री से प्राप्त बताए गए 1000 रुपये नकद भी जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।

ग्राहक का इंतजार कर रहे दो तस्कर गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे निर्माणाधीन भवन के पास दो युवक गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन गोस्वामी और मनीष शुक्ला के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1 किलो 925 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा बिक्री के उद्देश्य से अपने पास रखे हुए थे। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

क्राइम ब्रांच के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में इनके मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अब इनके माध्यम से गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायरों और अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है।

आरोपियों के मोबाइल फोन और संपर्कों की तकनीकी जांच भी की जा रही है ताकि शहर में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

वर्ष 2026 में अब तक 81.938 किलोग्राम गांजा जब्त

क्राइम ब्रांच के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 81.938 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया जा चुका है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

नागरिकों से सहयोग की अपील

भोपाल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में नशे की तस्करी या बिक्री से जुड़ी कोई गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles