मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिगों का इस्तेमाल कर रहा था गिरोह; फरार सरगना की तलाश जारी
भोपाल। क्राइम ब्रांच भोपाल ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए माँ-बेटे द्वारा संचालित गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 13 किलो 70 ग्राम गांजा जब्त कर मुख्य आरोपी राहुल सौदे उर्फ राहुल कुचबंदिया को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को संरक्षण में लिया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी जयसिंह मंडी बामौरा फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2.75 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसकी तकनीकी जांच की जा रही है।
पुलिस आयुक्त Sanjay Kumar के निर्देशन में क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर गठित टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां दो नाबालिग संदिग्ध अवस्था में गांजे से भरे थैलों के साथ मिले।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अपने रिश्तेदार राहुल सौदे के साथ भोपाल आए थे। राहुल उन्हें गांजा से भरे बैग देकर ग्राहक तलाशने के लिए छोड़ गया था। तलाशी में एक थैले से 7.50 किलो और दूसरे से 6.20 किलो गांजा बरामद हुआ।
उड़ीसा से लाकर की जाती थी सप्लाई
क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से मुख्य आरोपी राहुल सौदे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह उड़ीसा से गांजा लाकर भोपाल, मंडी बामौरा और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी कई बार नाबालिग बच्चों को अपने साथ ले जाकर गांजे की खेप मंगवाने और उसकी बिक्री में इस्तेमाल कर चुका है। पुलिस के अनुसार बच्चों को अपराध में शामिल करना गंभीर अपराध है और इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
माँ पहले से जेल में, बेटा चला रहा था नेटवर्क
विवेचना में पता चला कि आरोपी की माँ को पूर्व में भी गांजा तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है और वह वर्तमान में जेल में बंद है। पुलिस का दावा है कि माँ-बेटे मिलकर संगठित तरीके से गांजा तस्करी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे।
क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
भोपाल क्राइम ब्रांच ने 13.70 किलो गांजा के साथ माँ-बेटे द्वारा संचालित तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया। मुख्य आरोपी राहुल सौदे गिरफ्तार, दो नाबालिग संरक्षण में, नेटवर्क की जांच जारी।