भोपाल। राजधानी भोपाल की हुजूर तहसील के ग्राम रोजीवे में कथित अवैध मिट्टी खनन के मामले में खनिज विभाग की जांच पूरी हो गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, जांच रिपोर्ट तैयार कर ली गई है, जिसे शनिवार को एसडीएम हुजूर विनोद सोनकिया को सौंपा जाएगा। इसके बाद रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को भेजी जाएगी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को खनिज विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे दिन मौके से जुड़े तथ्यों और दस्तावेजों की जांच की। देर शाम तक रिपोर्ट तैयार हो गई थी, लेकिन एसडीएम के कार्यालय में उपलब्ध नहीं होने के कारण रिपोर्ट उसी दिन प्रस्तुत नहीं की जा सकी।
समतलीकरण की अनुमति, अवैध खनन के आरोप
मामला ग्राम रोजीवे स्थित एक भूमि से जुड़ा है। आरोप है कि भूमि समतलीकरण के लिए ली गई अनुमति का दुरुपयोग कर बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन और बिक्री की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूमि स्वामी हरिचरण को खनिज विभाग से समतलीकरण के लिए 44 घनमीटर अतिरिक्त मिट्टी निकालने और परिवहन की अनुमति मिली थी। हालांकि शिकायत में आरोप लगाया गया कि अनुमति की सीमा से कहीं अधिक मिट्टी निकाली गई और लगभग 30 फीट गहराई तक खुदाई कर लाखों रुपये मूल्य की मिट्टी बेची गई।
शिकायत के बाद हुई थी कार्रवाई
शिकायत मिलने पर हुजूर तहसीलदार शुभम जैन ने मौके का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक डंपर और दो पोकलेन मशीनों को जब्त किया था। इसके बाद मामले की विस्तृत जांच खनिज विभाग को सौंपी गई।
रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
अब पूरे मामले में निगाहें खनिज विभाग की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट एसडीएम के माध्यम से कलेक्टर को भेजे जाने के बाद संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की प्रशासनिक एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।