भोपाल: छोला मंदिर पुलिस ने 3.156 किलो गांजा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, विधि-विरुद्ध बालक भी पकड़ा

भोपाल, 23 जुलाई। राजधानी भोपाल की छोला मंदिर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.156 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त कियाt है। मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लेकर उसके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर संजय सिंह, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान, पुलिस उपायुक्त (जोन-4) आदर्शकांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार पाठक, सहायक पुलिस आयुक्त शशांक जैन तथा थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी के निर्देशन में की गई।

पुलिस को 22 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक भानपुर चौराहा क्षेत्र से काले रंग के बैग में अवैध गांजा लेकर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को रोककर नियमानुसार कार्रवाई की।

पुलिस ने दोनों को उनके वैधानिक अधिकारों की जानकारी देते हुए एनडीपीएस अधिनियम की धारा 50 के प्रावधानों का पालन किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बैग में रखा 3.156 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों से मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर गांजा जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. जहान (21 वर्ष) निवासी शिवनगर फेस-3, गल्ला मंडी के पास, करोंद, थाना निशातपुरा, भोपाल के रूप में हुई है। उसके साथ एक विधि-विरुद्ध बालक भी पकड़ा गया।

पुलिस ने दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। विधि-विरुद्ध बालक के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version