भोपाल, 6 जुलाई। राजधानी भोपाल में बड़े तालाब के कैचमेंट क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई फिलहाल टाल दी गई है। प्रशासन ने बोट क्लब क्षेत्र में सोमवार को प्रस्तावित अभियान को स्थगित कर अब बुधवार को कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।
टीटी नगर क्षेत्र के तहसीलदार कुनाल राऊत के अनुसार, कार्रवाई के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं और पर्याप्त पुलिस बल भी उपलब्ध था। हालांकि मुख्यमंत्री के एक कार्यक्रम के चलते अभियान को आगे बढ़ा दिया गया। अब बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
कैचमेंट क्षेत्र में कई निर्माण प्रशासन के निशाने पर
प्रशासन के अनुसार, बड़े तालाब के कैचमेंट क्षेत्र में स्थित कई स्थायी और अस्थायी निर्माण कार्रवाई की जद में हैं। इनमें एमपी टूरिज्म बोर्ड का विंड एंड वेव्स परिसर, बोट क्लब से जुड़े निर्माण, नगर निगम का सुलभ कॉम्प्लेक्स, कचरा कैफे, वन विहार का लगभग 8 हजार वर्गफुट क्षेत्र तथा 27 अस्थायी दुकानें शामिल हैं।
26 दुकानों पर कार्रवाई की तैयारी
प्रशासन ने संबंधित पक्षों को पहले ही बेदखली के नोटिस जारी कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, 27 दुकानों में से एक दुकानदार को न्यायालय से स्थगन (स्टे) आदेश प्राप्त हुआ है। ऐसे में फिलहाल 26 दुकानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई किए जाने की तैयारी है।
पहले ही जारी हो चुके हैं नोटिस
प्रशासन ने जिन लोगों को बेदखली के आदेश जारी किए हैं, उनमें कैलाश शर्मा, रामप्रकाश राठौर, मनोहर अहिरवार, मुकेश शर्मा, कालूराम, पवन वर्मा, संतोष साहू, राजू शर्मा, प्रभु चंदेल, सुरेश चौधरी, बाबूलाल साहू, संतोष बाथम, सुरेश शर्मा, दिलीप साहू, सुभाष शर्मा, मनोज, कैलाश चंदैल, जगदीश कछावर, दीपक राठौर, राकेश राठौर, प्रकाश चंदैल, अनील शर्मा, बब्लू पाल, हरी शर्मा, दिनेश मेहरा और कुलदीप शर्मा के नाम शामिल हैं।
प्रशासन का कहना है कि कैचमेंट क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।