भोपाल: आचार्य श्री शीलधर्मा श्रीजी महाराज साहब का चातुर्मास मंगल प्रवेश आज, निकलेगा भव्य शोभायात्रा जुलूस

भोपाल। श्री आदिनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर, तुलसी नगर में चातुर्मास के अवसर पर रविवार, 19 जुलाई 2026 को आचार्य श्री शीलधर्मा श्रीजी महाराज साहब एवं ठाणा-5 साध्वी भगवंत का मंगल प्रवेश समारोह श्रद्धा एवं भक्ति के साथ आयोजित किया जाएगा।

आदिनाथ जैन श्वेतांबर संघ के अध्यक्ष राजेंद्र पारख, सचिव रजनीश सेठिया, उपाध्यक्ष के.सी. जैन तथा कोषाध्यक्ष सुनील जैन के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रातः 9 बजे रिवेयरा टाउनशिप से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री आदिनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर, तुलसी नगर पहुंचेगी।

आयोजन में भोपाल सहित बाहर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। शोभायात्रा में पुरुष श्रद्धालु सफेद कुर्ता-पायजामा धारण करेंगे, जबकि शहर के विभिन्न महिला मंडलों की सदस्याएं पारंपरिक चुनरी पहनकर यात्रा की शोभा बढ़ाएंगी।

आदिनाथ महिला मंडल एवं जैन श्वेतांबर संघ ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर चातुर्मास मंगल प्रवेश को सफल बनाने का आग्रह किया है।

Exit mobile version