*स्वस्थ भारत की ओर बड़ा कदम, महिलाओं के नेतृत्व में योग का महाअभियान*
*भोपाल।* योग और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में कार्यरत भारतीय योगिनी संघ ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर देशभर में 111 स्थानों पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह संख्या संघ के पिछले वर्ष के 72 स्थानों के रिकॉर्ड से कहीं अधिक है, जिससे एक नया कीर्तिमान स्थापित होने जा रहा है।
भारतीय योगिनी महासंघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर. एच. लता ने बताया कि हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके तहत 1 जून से 21 जून तक देश के विभिन्न राज्यों में योग, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों को वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का भी प्रयास किया जाएगा।
डॉ. लता ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, सिक्किम और दिल्ली सहित अनेक राज्यों में भारतीय योगिनी संघ की सक्रिय इकाइयां इस अभियान को सफल बनाने में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने का माध्यम है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम लोगों को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
डॉ. लता ने देशभर की सभी योगिनी बहनों को उनकी सक्रिय भागीदारी और समर्पण के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा। 111 स्थानों पर एक साथ आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय योगिनी संघ न केवल योग के प्रचार-प्रसार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा, बल्कि महिला नेतृत्व में स्वास्थ्य जागरूकता का एक नया राष्ट्रीय अध्याय भी लिखेगा।
देशभर में योग की अलख जगाएगा भारतीय योगिनी संघ, 111 स्थानों पर होंगे आयोजन*
