15 सितंबर से चलेगी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन, पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी और रामलला दर्शन का मिलेगा अवसर

भोपाल। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए 15 सितंबर से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन करेगा। इस विशेष ट्रेन से यात्रियों को पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी और अयोध्या में रामलला के दर्शन का अवसर मिलेगा।
आईआरसीटीसी के भोपाल क्षेत्रीय प्रबंधक राजेंद्र बोरबन ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि यह ट्रेन 15 सितंबर को इंदौर से रवाना होगी। ट्रेन इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी और अनूपपुर रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जहां से यात्री यात्रा में शामिल हो सकेंगे।
यह धार्मिक यात्रा 10 रात और 11 दिन की होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी और अयोध्या के प्रमुख धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
यात्रा के लिए तीन श्रेणियों में पैकेज निर्धारित किए गए हैं। स्लीपर श्रेणी का किराया 19,600 रुपये प्रति व्यक्ति, थर्ड एसी का 31,850 रुपये प्रति व्यक्ति और सेकेंड एसी का 41,900 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है।
पैकेज में विशेष एलएचबी रेक से रेल यात्रा, यात्रा के दौरान भोजन, होटल में ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय भ्रमण के लिए बस सुविधा, टूर एस्कॉर्ट, यात्रा बीमा, ऑन-बोर्ड सुरक्षा और हाउसकीपिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
आईआरसीटीसी ने बताया कि इच्छुक यात्री इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। यह यात्रा उन श्रद्धालुओं के लिए विशेष अवसर होगी जो एक ही यात्रा में पूर्वी भारत के प्रमुख तीर्थस्थलों और अयोध्या में रामलला के दर्शन करना चाहते हैं।





