State

पर्यटन क्विज में बालाघाट की टीम प्रथम, धार दूसरे और सीधी तीसरे स्थान पर

प्रदेश के 53 जिलों के 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को मिला मुफ्त पर्यटन पैकेज

भोपाल। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज-2026 में बालाघाट की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। धार की टीम दूसरे और सीधी की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता का समापन कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में हुआ। इसमें प्रदेश के 53 जिलों के 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार के रूप में मध्यप्रदेश भ्रमण के लिए मुफ्त टूर पैकेज के कूपन और मेडल दिए गए। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

प्रतियोगिता में बालाघाट के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की टीम प्रथम, धार के पब्लिक स्कूल की टीम द्वितीय और सीधी के काशी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की टीम तृतीय रही। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

पर्यटन में करियर बनाने के अवसर

मंत्री लोधी ने कहा कि पर्यटन क्विज का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ पर्यटन के क्षेत्र में करियर के अवसरों की जानकारी देना है। पर्यटन क्षेत्र में युवाओं के लिए कई संभावनाएं हैं। इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञान और प्रतिभा को बढ़ावा देती हैं।

पर्यटन विभाग के सचिव एवं मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि प्रदेश की विरासत को समझने से विद्यार्थियों के लिए पर्यटन और ट्रैवल इंडस्ट्री में करियर के नए रास्ते खुल सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, निरंतर सीखने और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी मध्यप्रदेश की संस्कृति और धरोहर को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने बताया कि पर्यटन क्विज के माध्यम से अब तक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 21 लाख से अधिक विद्यार्थी मध्यप्रदेश पर्यटन से जुड़ चुके हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रदेश के ऐतिहासिक स्थलों, वन्यजीवों, सांस्कृतिक परंपराओं और प्राकृतिक धरोहरों की जानकारी देना है।

विजेता टीमों को मिलेगा मध्यप्रदेश घूमने का मौका

इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम ‘द ट्रेजर आर्ट ऑफ एमपी’ रखी गई थी। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। फाइनल में सीधी, धार, मुरैना, सतना, बालाघाट और उमरिया की छह टीमों ने जगह बनाई।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को पांच दिन और चार रात, दूसरे स्थान की टीम को चार दिन और तीन रात तथा तीसरे स्थान की टीम को तीन दिन और दो रात का मुफ्त टूर पैकेज दिया गया। अन्य तीन फाइनलिस्ट टीमों को भी तीन दिन और दो रात के मध्यप्रदेश भ्रमण का अवसर मिलेगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता की टीमों के लिए भी भ्रमण पैकेज का प्रावधान किया गया है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समापन समारोह में भोपाल के शासकीय आदर्श आवासीय कन्या संस्कृत विद्यालय की 30 छात्राओं ने ‘श्री रामचरितम्’ की प्रस्तुति दी। करीब 35 मिनट के कार्यक्रम में भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर वनवास, सीता हरण, राम-रावण युद्ध और राज्याभिषेक तक की कथा प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में माइंड रीडर प्ले भी आयोजित किया गया।

इस अवसर पर पर्यटन बोर्ड के संयुक्त संचालक डॉ. संतोष श्रीवास्तव, लोक शिक्षण के संयुक्त संचालक एच.एन. नेमा, एसडीएम लखन सिंह चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles