युवा अन्नदूत योजना में राशन परिवहन की दरें
भोपाल। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के तहत राशन परिवहन करने वाले परिवहनकर्ताओं को राहत मिली है। राज्य सरकार ने डीजल और डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड (डीईएफ) की कीमतों में बढ़ोतरी को देखते हुए खाद्यान्न परिवहन की सेक्टरवार दरों में संशोधन किया है। इससे परिवहन व्यय में औसतन 0.6522 रुपये यानी करीब 65 पैसे प्रति क्विंटल की वृद्धि होगी। संशोधित दरों का लाभ जून 2026 से दिया जाएगा।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का राशन प्रदाय केंद्रों से उचित मूल्य दुकानों तक पहुंचाया जाता है। इसके लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना संचालित है।
मंत्री ने बताया कि योजना के परिवहनकर्ता कई महीनों से परिवहन दरें बढ़ाने की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर ईंधन की बढ़ी कीमतों के आधार पर परिवहन लागत का आकलन किया गया और नई दरें तय करने का प्रस्ताव तैयार किया गया।
डीजल और डीईएफ की कीमतों के आधार पर संशोधन
विभाग के अनुसार, डीजल की कीमत 93.90 रुपये से बढ़कर 99.64 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, डीईएफ की कीमत 77 रुपये से बढ़कर 91 रुपये प्रति लीटर हो गई है। ईंधन की बढ़ी कीमतों से वाहनों के संचालन पर पड़ने वाले अतिरिक्त खर्च को ध्यान में रखते हुए परिवहन दरों में बदलाव किया गया है।
दरें तय करते समय ईंधन की खपत, परिवहन दूरी और खाद्यान्न की मात्रा को आधार बनाया गया है। खाद्य विभाग की विभागीय समिति की मंजूरी के बाद संशोधित दरों का प्रस्ताव तैयार किया गया।
जून से मिलेगा बढ़ी दरों का भुगतान
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि योजना के तहत अनुबंधित वाहनों के परिवहनकर्ताओं को जून 2026 से संशोधित दरों के अनुसार भुगतान किया जाएगा। इसका उद्देश्य बढ़ती परिचालन लागत के बीच राशन परिवहन व्यवस्था को आर्थिक रूप से व्यावहारिक बनाए रखना और परिवहनकर्ताओं को उनके खर्च के अनुरूप भुगतान सुनिश्चित करना है।
मंत्री ने परिवहन दरों में वृद्धि के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया।
