मेंडोरी में आठ शासकीय दुकानों की नीलामी, 15.05 लाख में बिकी भूतल की दुकान

भोपाल। जनपद पंचायत फंदा की ग्राम पंचायत मेंडोरी में शुक्रवार को आठ शासकीय दुकानों की नीलामी की गई। इनमें चार दुकानें भूतल और चार प्रथम तल पर हैं। नीलामी में खरीदारों ने बढ़-चढ़कर बोली लगाई। सबसे अधिक बोली भूतल की दुकान नंबर चार के लिए लगी, जिसे आशिम मुद्गगल ने 15 लाख 5 हजार रुपए में खरीदा।
नीलामी की प्रक्रिया जनपद पंचायत फंदा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवानी मिश्रा और हुजूर तहसीलदार प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। भूतल की चार दुकानों का शासकीय मूल्य 9 लाख रुपए प्रति दुकान निर्धारित किया गया था। वहीं, प्रथम तल की चार दुकानों की कीमत 8 लाख 50 हजार रुपए प्रति दुकान रखी गई थी।
नीलामी के दौरान दुकानों के लिए निर्धारित शासकीय मूल्य से अधिक बोली लगाई गई। इस प्रक्रिया में खरीदारों ने अपनी पसंद की दुकानों के लिए बोली लगाकर उन्हें हासिल किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच जागृति कृष्णकांत पाल, जनपद पंचायत के बीपीओ दिलीप कुमार शिंदे, सतीश चौरसिया, पंचायत सचिव परम सिंह मारण, नारायण सिंह मारण, रवि शर्मा, शुभम शर्मा, रोहित, जीआरएस बृज शर्मा, सुमित्रा प्रजापति सहित जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, दुकानदार और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





