State

आशुतोष शर्मा बने गोविंदपुरा एसडीएम, शिवांगी बघेल को मिली बैरसिया की जिम्मेदारी

भोपाल, 20 जुलाई। राजधानी भोपाल में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को दो एसडीएम के पदस्थापना आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार बैरसिया में पदस्थ एसडीएम आशुतोष शर्मा को गोविंदपुरा अनुभाग का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है।

वहीं गोविंदपुरा से आशुतोष शर्मा के स्थानांतरण के बाद रिक्त हुए बैरसिया अनुभाग में परिवीक्षाधीन अधिकारी शिवांगी बघेल को एसडीएम के रूप में पदस्थ किया गया है।

गौरतलब है कि गोविंदपुरा के पूर्व एसडीएम भुवन गुप्ता का तबादला नगर निगम भोपाल में हो चुका है, जहां उन्हें उपायुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके बाद से गोविंदपुरा अनुभाग का अतिरिक्त प्रभार एमपी नगर एसडीएम एल.के. खरे के पास था।

सूत्रों के अनुसार गोविंदपुरा जैसे महत्वपूर्ण अनुभाग में नियमित एसडीएम की नियुक्ति नहीं होने से कई प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे। अब आशुतोष शर्मा की नियुक्ति से लंबित मामलों के निस्तारण और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में जारी पदोन्नति सूची में एल.के. खरे का भी प्रमोशन हुआ है और उन्हें उच्च शिक्षा विभाग में उप सचिव पद पर पदस्थ किया गया है। हालांकि वे अभी तक रिलीव नहीं हुए हैं और वर्तमान में एमपी नगर एसडीएम का प्रभार संभाल रहे हैं।

Related Articles