अष्टानिका पर्व शुरू, शांति नाथ जिनालय में 24 तीर्थंकर प्रतिमाओं का अभिषेक

उपाध्याय विश्रुत सागर महाराज के मुखारविंद से हुई शांतिधारा, श्रद्धालुओं ने विश्व शांति की कामना की
भोपाल। राजधानी के जैन मंदिरों में अष्टानिका पर्व की शुरुआत हो गई है। इस दौरान मंदिरों में भगवान जिनेंद्र का अभिषेक, पूजा-अर्चना और विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। श्रद्धालु विधान में शामिल होकर धर्म आराधना कर रहे हैं। विधोदय तीर्थ में आचार्य समय सागर महाराज के सानिध्य में धार्मिक आयोजन होंगे।
श्री शांतिनाथ जिनालय में रत्नमयी 24 तीर्थंकर प्रतिमाओं का अभिषेक किया गया। इसके बाद उपाध्याय विश्रुत सागर महाराज के मुखारविंद से शांतिधारा हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जगत की शांति और सभी के कल्याण की कामना की। संत श्री ने प्रवचन में जीवन को सरलता, विनम्रता और सात्विकता के साथ जीने की सीख दी।
गुरु भक्त पंकज इंजीनियर ने बताया कि पर्व के दौरान प्रतिदिन विद्वान अंशुल भैया जैन दर्शन और सिद्धांतों पर विशेष व्याख्यान दे रहे हैं। इनके माध्यम से श्रद्धालुओं को जैन धर्म की मान्यताओं और जीवन मूल्यों की जानकारी दी जा रही है।
आयोजन में मंदिर समिति अध्यक्ष निर्मल, टीआई विनोद, रेडीमेड प्रमोद, आईटी जितेंद्र, जीतू सिलवानी, गौरव, मनोज, बबलू, सुनील पब्लिशर और मुकेश गोहिल सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।





