सांसद आलोक शर्मा ने अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों का किया निरीक्षण, आधुनिक गोडाउन निर्माण का दिया सुझावभोपाल। आगामी उज्जैन सिंहस्थ को देखते हुए संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन के विकास को नई गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने बुधवार को हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ स्टेशन का निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान सांसद ने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में बढ़ने वाले यात्री दबाव को ध्यान में रखते हुए स्टेशन के विकास की दूरदर्शी योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्टेशन पर यात्रियों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है।प्रतीक्षालय, लिफ्ट और रिजर्वेशन सुविधाओं के विस्तार पर जोरसांसद आलोक शर्मा ने कहा कि सिंहस्थ के दौरान संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इसके लिए यात्री प्रतीक्षालय का विस्तार, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए पर्याप्त लिफ्ट सुविधा, रिजर्वेशन काउंटर बढ़ाने और रेलवे स्टाफ की कमी दूर करने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर आवश्यक स्वीकृतियां और सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया जाएगा।30 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पररेलवे अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान जानकारी दी कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पर करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा लगभग 7 करोड़ रुपये के अन्य निर्माण कार्य भी अलग-अलग चरणों में चल रहे हैं।सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।व्यापारियों के लिए आधुनिक गोडाउन बनाने का सुझावसांसद आलोक शर्मा ने संत हिरदाराम नगर की व्यापारिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र प्रदेश के प्रमुख कपड़ा और बर्तन व्यापार केंद्रों में शामिल है। यहां प्रतिदिन सूरत, बड़ौदा और मुंबई सहित अन्य शहरों से बड़ी मात्रा में माल पहुंचता है।उन्होंने सुझाव दिया कि स्टेशन परिसर के बाहर उपलब्ध अतिरिक्त भूमि पर पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के माध्यम से आधुनिक गोडाउन विकसित किए जा सकते हैं। इससे व्यापारियों को सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने बताया कि इस संबंध में व्यापारिक संगठनों की ओर से ज्ञापन भी सौंपे गए हैं और व्यापारी इस परियोजना में सहयोग के लिए तैयार हैं।स्टेशन जंक्शन के रूप में विकसित हो चुका है: रामेश्वर शर्माहुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं और अब यह स्टेशन जंक्शन के रूप में विकसित हो चुका है।उन्होंने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए यात्री सुविधाओं के विस्तार, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था और प्लेटफॉर्म सुविधाओं की नियमित निगरानी पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेंद्र बघेल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया, वरिष्ठ मंडल यांत्रिकी प्रबंधक कृष्ण कुमार निगम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राम बंसल सहित रेलवे अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।