भोपाल, 23 जुलाई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर मध्यप्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में 9,662 रिक्त पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। सरकार का कहना है कि यह निर्णय सिंहस्थ-2028, बढ़ती जनसंख्या, शहरीकरण, साइबर अपराधों की चुनौतियों और भविष्य की कानून-व्यवस्था संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
सरकार के अनुसार, पुलिस विभाग से प्राप्त प्रस्ताव पर विचार करने के बाद भर्ती को स्वीकृति दी गई। इससे पुलिस बल की क्षमता बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
डीजीपी ने किया स्वागत
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा ने मुख्यमंत्री के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि नई भर्ती से कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला एवं बाल सुरक्षा, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली (ERSS), सामुदायिक पुलिसिंग और सिंहस्थ-2028 जैसे बड़े आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नए पुलिसकर्मियों के शामिल होने से पुलिस बल को नई ऊर्जा मिलेगी और आम नागरिकों को अधिक प्रभावी एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
किन पदों पर होगी भर्ती?
गृह विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार भर्ती इन पदों पर होगी—
आरक्षक (GD): 7,500 पद
आरक्षक (चालक): 1,000 पद
शीघ्रलेखक (सूबेदार ‘अ’): 135 पद
सहायक उप निरीक्षक (ASI): 520 पद
सूबेदार: 81 पद
उप निरीक्षक (जिला बल): 312 पद
उप निरीक्षक (विशेष शाखा/विसबल): 69 पद
उप निरीक्षक (QD): 4 पद
उप निरीक्षक (अंगुलिचिन्ह): 22 पद
उप निरीक्षक (आयुध): 10 पद
उप निरीक्षक (फोटो): 9 पद
कुल मिलाकर 8,500 पद आरक्षक संवर्ग, 655 पद शीघ्रलेखक/एएसआई संवर्ग और 507 पद सूबेदार एवं उप निरीक्षक संवर्ग के लिए स्वीकृत किए गए हैं।
कर्मचारी चयन मंडल करेगा भर्ती
इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) के माध्यम से कराई जाएगी। भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जल्द जारी किया जाएगा, जिसमें आवेदन की तिथियां, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, परीक्षा पद्धति, चयन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक निर्देश शामिल होंगे।
पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
