कानपुर में युवक को खंभे से बांधकर पीटने का आरोप, वीडियो वायरल; 9 दिन बाद एफआईआर दर्ज होने का दावा

कानपुर नगर: सजेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कोरिया चौकी क्षेत्र के एक गांव में युवक के साथ कथित रूप से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ लोगों ने युवक को पकड़कर खंभे से बांध दिया और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई की।

पीड़ित रोहित कुशवाहा के अनुसार, घटना के दौरान पुरुषों के साथ कुछ महिलाएं भी मौजूद थीं और उन्होंने भी मारपीट में हिस्सा लिया। आरोप है कि युवक को काफी देर तक बंधक बनाकर पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

डायल-112 की टीम ने पहुंचकर छुड़ाया

घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को छुड़ाया। इसके बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस के हस्तक्षेप से उसकी जान बच सकी।

9 दिन बाद एफआईआर दर्ज होने का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के करीब 9 दिन बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। परिवार ने पुलिस से जल्द कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस कथित घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि वीडियो की सत्यता और घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

मामले में पुलिस अधिकारियों का आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version