तीन महीने बाद खुला ऐशबाग का सार्वजनिक शौचालय, सीमांकन में निगम की निकली जमीन

संयुक्त सीमांकन के बाद रेलवे ने हटाई दीवार, अधूरा निर्माण कार्य भी होगा शुरू

भोपाल, 17 जुलाई। ऐशबाग क्षेत्र में नगर निगम और रेलवे के बीच सार्वजनिक शौचालय को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार सुलझ गया। तहसीलदार न्यायालय के निर्देश पर दोनों विभागों की मौजूदगी में कराए गए संयुक्त सीमांकन में संबंधित भूमि नगर निगम की पाई गई। इसके बाद रेलवे ने शुक्रवार को शौचालय के सामने बनाई गई दीवार हटा दी, जिससे करीब तीन महीने बाद आम नागरिकों के लिए शौचालय का रास्ता फिर से खुल गया।

विवाद समाप्त होने के साथ ही शौचालय का अधूरा निर्माण कार्य भी दोबारा शुरू किए जाने का रास्ता साफ हो गया है।

संयुक्त सीमांकन में स्पष्ट हुई स्थिति

नगर निगम ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत ऐशबाग क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया था। रेलवे ने दावा किया था कि निर्माण उसकी भूमि पर किया गया है और शौचालय तक पहुंच रोकने के लिए दीवार खड़ी कर दी थी। इसके बाद मामला तहसीलदार न्यायालय पहुंचा।

न्यायालय के निर्देश पर टोटल स्टेशन मशीन से नगर निगम और रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में संयुक्त सीमांकन कराया गया। सीमांकन में संबंधित भूमि नगर निगम की निकली, जिसके बाद रेलवे ने अपनी दीवार हटा दी।

इस निर्णय से लंबे समय से बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय का उपयोग फिर से शुरू हो सकेगा और शेष निर्माण कार्य भी पूरा किया जाएगा।

Exit mobile version