एम्स भोपाल ने बरखेड़ी स्कूल में चलाया डेंगू-मलेरिया जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को बताए बचाव के उपाय

भोपाल। मानसून के दौरान डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और अन्य मौसमी संक्रमणों की रोकथाम के लिए एम्स भोपाल ने बरखेड़ी स्थित एक विद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। 17 जुलाई 2026 को आयोजित इस अभियान में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय समुदाय को मच्छरजनित रोगों से बचाव के वैज्ञानिक एवं व्यवहारिक उपायों की जानकारी दी।

कार्यक्रम का आयोजन एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर के मार्गदर्शन तथा चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) विकास गुप्ता के सहयोग से किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए घरों एवं आसपास जलभराव नहीं होने देना, कूलर, पानी की टंकियों, गमलों और पुराने टायरों की नियमित सफाई करना आवश्यक है।

डॉक्टरों ने विद्यार्थियों को पूर्ण आस्तीन के कपड़े पहनने, मच्छरदानी एवं मच्छर भगाने वाले रिपेलेंट का उपयोग करने तथा बुखार आने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। साथ ही बिना डॉक्टर की सलाह के स्वयं दवा लेने से बचने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक चर्चा और प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें मौसमी बीमारियों से बचाव के व्यावहारिक उपाय सरल भाषा में समझाए गए। विशेषज्ञों ने कहा कि स्वच्छ वातावरण, जलभराव की रोकथाम और सामुदायिक सहभागिता ही मच्छरजनित रोगों की रोकथाम का सबसे प्रभावी तरीका है।

इस स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का नेतृत्व सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ रेजिडेंट डॉ. कुलदीप गुप्ता ने किया। उनके साथ डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. मालव एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को जनस्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए।

.

Exit mobile version