State

भोपाल में कृषि यंत्रीकरण कौशल केंद्र शुरू, किसानों और युवाओं को मिलेगा आधुनिक मशीनों का प्रशिक्षण

कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने किया CEFMI केंद्र का लोकार्पण, ड्रोन से लेकर हार्वेस्टर संचालन तक सीख सकेंगे तकनीक

भोपाल। खेती की लागत कम करने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए भोपाल में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फार्म मैकेनाइजेशन स्किल्स इन इंडिया (CEFMI) केंद्र शुरू किया गया है। कृषक कल्याण वर्ष-2026 के तहत 25 नवंबर को कृषि अभियांत्रिकी संभाग परिसर में कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने इसका लोकार्पण किया।

इस केंद्र में किसानों, ग्रामीण युवाओं और कृषि उद्यमियों को आधुनिक कृषि मशीनों के संचालन, रखरखाव और उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, ड्रोन, सीडर और प्रिसिजन फार्मिंग से जुड़े उपकरणों की तकनीक सिखाई जाएगी।

कृषि मंत्री कंसाना ने कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रीकरण खेती का भविष्य है। इससे कृषि कार्यों में समय और लागत की बचत होगी तथा उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी। केंद्र किसानों और आधुनिक तकनीक के बीच सेतु का काम करेगा।

मरम्मत और संचालन में भी मिलेगा प्रशिक्षण

केंद्र में कृषि यंत्रों की मरम्मत और रखरखाव का कौशल भी विकसित किया जाएगा। इससे ग्रामीण युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकेंगे। साथ ही कृषि आधारित उद्यमिता और एग्री-स्टार्टअप को बढ़ावा दिया जाएगा। छोटे और सीमांत किसानों को कस्टम हायरिंग सेंटर, कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

केंद्र में भारतीय मिट्टी, फसल पद्धतियों और जलवायु के अनुकूल कम लागत वाली कृषि तकनीकों पर अनुसंधान और नवाचार भी किया जाएगा। कार्यक्रम में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, प्रगतिशील किसान और कृषि उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे। समापन पर आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन भी किया गया।

Related Articles