मथुरा-वृंदावन की पारिस्थितिक बहाली के लिए हार्टफुलनेस संस्थान और यूपी ब्रज तीर्थ विकास परिषद में समझौता

व्रज वैभव अभियान के तहत कुंडों, वनों और जैव विविधता संरक्षण पर होगा संयुक्त कार्य
हैदराबाद/मथुरा। हार्टफुलनेस संस्थान और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद (UPBTVP) ने मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में पारिस्थितिक बहाली, विरासत संरक्षण और जैव विविधता संवर्द्धन के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस सहयोग के तहत दोनों संस्थाएं पर्यावरण संरक्षण, योग, ध्यान, सामुदायिक विकास, युवा सहभागिता और क्षमता निर्माण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर मिलकर कार्य करेंगी।
समझौते के अनुसार, ‘व्रज वैभव अभियान’ के तहत वृंदावन के पवित्र कुंडों और वनों के संरक्षण एवं पुनर्स्थापना, जैव विविधता बढ़ाने, पर्यावरणीय जागरूकता फैलाने और सामुदायिक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त प्रयास किए जाएंगे। परियोजनाओं का विकास और क्रियान्वयन आवश्यकतानुसार विभिन्न विशेषज्ञ संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, सीएसआर भागीदारों और अन्य हितधारकों के सहयोग से किया जाएगा।
हार्टफुलनेस के वैश्विक मार्गदर्शक एवं श्री रामचंद्र मिशन के अध्यक्ष दाजी ने कहा कि ब्रज सदैव प्रकृति और चेतना के सामंजस्य का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि यह सहयोग केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना विकसित करने का भी प्रयास है।
यूपी ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा ने कहा कि हार्टफुलनेस के साथ यह साझेदारी ब्रज की पवित्र विरासत, पर्यावरण संरक्षण और आंतरिक कल्याण को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं परिषद की मुख्य कार्यपालन अधिकारी लक्ष्मी नागप्पा ने विश्वास जताया कि यह सहयोग स्थानीय स्तर पर पर्यावरण, जनभागीदारी और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को नई मजबूती देगा।
समझौते के तहत प्रत्येक परियोजना के लिए अलग कार्ययोजना और वित्तीय व्यवस्था तय की जाएगी। दोनों संस्थाएं अपनी-अपनी बौद्धिक संपदा, ट्रेडमार्क, लोगो और कार्यप्रणाली पर स्वामित्व बनाए रखेंगी।





